नेशनल हेराल्ड: राहुल गांधी से ईडी ने करीब साढ़े आठ घंटे पूछताछ की, कल फिर पेश होने के लिए समन जारी …
नेशनल हेराल्स केस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को करीब साढ़े आठ घंटे पूछताछ की है। ईडी ने राहुल गांधी को कल फिर पेश होने के लिए समन जारी किया है। इससे पहले सोमवार को ईडी दफ्तर पहुंचे राहुल गांधी से एंजेसी के अधिकारियों ने सुबह करीब 3 घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद वह लंच ब्रेक के लिए निकल गए। लंच ब्रेक में राहुल गांधी सोनिया गांधी से मिलने अस्पताल पहुंचे। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। ब्रेक के बाद फिर कांग्रेस नेता करीब साढ़े तीन बजे ईडी के दफ्तर पहुंचे। ईडी ने उनसे रात करीब करीब 9 बजे तक पूछताछ की।
इससे पहले राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस ने पूरे देश में धरना प्रदर्शन किया। दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तारी भी की। कांग्रेस ने कहा कि न हम डरेंगे न झुकेंगे। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया। प्रियंका गांधी उनसे मिलने थाने पहुंचती हैं। जहां एक ओर कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक फटे कपड़ों में थाने में बैठे हैं।
बता दें कि ईडी ने नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी को समन जारी कर पेश होने कि लिए कहा था। सोनिया गांधी कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उन्होंने ईडी से पेश होने के लिए समय मांगा है। सोनिया गांधी की तबियत खराब है और वह गंगाराम अस्पताप में भर्ती हैं। ईडी ने उन्हें 23 जून को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है।
कांग्रेस बेनकाब हुई: ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस बेनकाब हुई है। वे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में सहयोग नहीं करना चाहते। राहुल गांधी को किस बात का भय है? अगर उन्होंने कुछ गलत नहीं किया तो डरते क्यों हैं? देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बुलाकर जांच एजेंसियों पर दबाव क्यों बनाया जा रहा है?
कांग्रेस और करप्शन का गहरा याराना: नकवी
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस और करप्शन (भ्रष्टाचार) का गहरा याराना है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ तो देश ने सत्याग्रह देखा है, लेकिन भ्रष्टाचार के पक्ष में सत्याग्रह की कांग्रेस की सियासी संस्कृति देश पहली बार देख रहा है।