गणतंत्र दिवस के मौके पर – कर्तव्य पथ पर दिखी भारतीय संस्कृति
कर्तव्य पथ पर दिखी भारतीय संस्कृति, जम्मू कश्मीर से लेकर तमिलनाडु तक की झांकियां
गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर भारतीय संस्कृति की अद्भुत छटा देखने को मिली। 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकिया कर्तव्य पथ पर प्रदर्शित की गईं। इनमें धर्म, संस्कृति, तकनीक और अक्षय ऊर्जा की थीम पर आधारित झांकियां प्रदर्शित की गईं, जिन पर लोगों की निगाहें टिकी रहीं।
उत्तराखंड की झांकी में वन्यजीवन, धार्मिक स्थलों को दर्शाया गया। उत्तराखंड की झांकी में जिम कार्बेट नेशनल पार्क में हिरण, मोर दिखाए गए। साथ ही जागेश्वर धाम को भी दर्शाया गया। इस झांकी में देवदार के पेड़ों को भी दर्शाया गया। हरियाणा की झांकी गीता पर आधारित रही। जिसमें भगवान कृष्ण का विराट स्वरूप और कुरुक्षेत्र को दर्शाया गया। झांकी में रथ पर सवार भगवान कृष्ण गीता का उपदेश देते हुए दर्शाए गए। साथ ही भगवान कृष्ण का विराट रूप दिखाया गया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, झांकी में महाभारत काल के दृश्यों को दर्शाया गया। बता दें कि हर साल हरियाणा के कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाता है। गुजरात की झांकी में अक्षय ऊर्जा पर फोकस किया गया। पश्चिम बंगाल की झांकी में दुर्गा पूजा को थीम बनाया गया। बंगाल की झांकी में कलाकार ढाक और धनूची के साथ मां दुर्गा के सामने नमन करते दिखे, जिससे कर्तव्य पथ पर दुर्गा पूजा का मनोहारी दृश्य बन गया।